24 मार्च 2019 - 13:57
न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री की पूरी दुनिया में हो रही है प्रशंसा, अब बुर्जे ख़लीफ़ा के ज़रिए यूएई ने किया अभिनंदन

न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर की मस्जिदों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद इस देश की प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न ने न्यूज़ीलैंड में शांति बरक़रार रखने और मुसलमानों की सुरक्षा के लिए जो प्रयास किए हैं उसकी पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, न्यूज़ीलैंड में हुए आतंकी हमले के बाद इस देश की जनता और विशेषकर न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न द्वारा अपने देश के मुसलमानों के साथ किए जा रहे अच्छे व्यवहार की जहां पूरी दुनिया तारीफ़ कर रही है वहीं संयुक्त अरब इमीरात की सरकार ने भी ख़ूब जमकर उनकी प्रशंसा की है। यूएई सरकार द्वारा न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न की हिजाब पहने तस्वीर को दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्जे ख़लीफ़ा में शुक्रवार रात को प्रोजेक्ट किया गया। क्राइस्टचर्च की मस्जिदों में हुए आतंकी हमलों के बाद अपने देश के मुस्लिम समुदाय के प्रति जैसिंडा आर्डर्न ने जिस तरह समर्थन दिखाया था, उसका आभार यूएई सरकार ने इस विशेष तरीक़े से व्यक्त किया है।

यूएई के प्रधानमंत्री शेख़ मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने ट्वीट किया है कि, “आपकी ईमानदार सहानुभूति और समर्थन के लिए पीएम @jacindaardern और न्यूज़ीलैंड आपका शुक्रिया। आपकी सहानुभूति ने दुनिया भर के 1.5 अरब मुसलमानों का दिल जीता है। न्यूजीलैंड में हुए आतंकी हमले ने दुनिया भर में मुस्लिम समुदाय को हिलाकर रख दिया था।”

इससे पहले न्यूज़ीलैंज की प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न ने शुक्रवार 22 मार्च को आतंकी हमले के बाद होने वाली पहली जुमे की नमाज़ में भी भाग लिया था। उन्होंने इस दौरान काला कपड़ा हिजाब के साथ पहना हुआ था। नमाज़े जुमा के बाद न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न ने लोगों को संबोधित किया था और उन्होंने अपने भाषण का आरंभ पैग़म्बरे इस्लाम (स) की हदीस अर्थात कथन से किया था। प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न ने कहा था कि हम एक हैं, मुसलमानों के शोक में बराबर के भागीदार हैं और यह ऐसा समय है कि पूरा न्यूज़ीलैंड शोक में डूबा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि 22 मार्च 2019 का दिन न्यूज़ीलैंड के लिए इसलिए भी यादगार बन गया है क्योंकि जुमे की नमाज़ के लिए होने वाली आज़ान, जुमे का भाषण और नमाज़ इस देश के सरकारी टीवी चैनल से सीधे प्रसारित की गई। इस नमाज़ में शामिल इस देश की प्रधानमंत्री जैसिंडा आर्डर्न सहित सभी ग़ैर मुस्लिम महिलाएं अपने सरों को ढांके हुईं थीं।

ज्ञात रहे कि न्यूज़ीलैंड की मस्जिदों पर आतंकवादी हमला करने वाला आतंकी ब्रेंटन टैरेंट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प का समर्थक है और उसने आतंकी हमले से पहले ट्रम्प की जमकर तारीफ़ की थी। 15 मार्च 2019 शुक्रवार को न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में दो मस्जिदों पर एक आतंकवादी ने अंधाधुंध फ़ायरिंग करके हमला किया था जिसमें 50 लोग शहीद हुए और 50 के क़रीब घायल हुए थे।